केन्द्रीय बजट आमजन, युवा, किसान और मध्यम वर्ग के लिए राहत भरा- अमन प्रताप
जांजगीर-चांपा। केन्द्रीय आम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमन प्रताप सिंह ने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को मजबूत करने वाला है और देश के हर वर्ग को सीधी राहत देता है।
उन्होंने कहा कि 12 लाख रुपये तक आयकर छूट और स्टैंडर्ड डिडक्शन बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया जाना मध्यम वर्ग और युवाओं के लिए ऐतिहासिक निर्णय है। इससे नौकरीपेशा और स्वरोज़गार करने वाले लोगों की बचत बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
अमन प्रताप सिंह ने किसान सम्मान निधि को बढ़ाकर 9–12 हजार रुपये किए जाने को किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता बताया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि मेडिकल उपकरणों और जीवन रक्षक दवाओं को सस्ता करना, FD ब्याज पर TDS सीमा बढ़ाना, तथा EV वाहनों, LED-LCD टीवी, कपड़े, जूते, लेदर प्रोडक्ट और घरेलू उपकरणों को सस्ता करना आम आदमी की दैनिक ज़िंदगी में सीधी राहत देगा।
रक्षा बजट में 6 लाख 81 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रावधान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत और देश की सुरक्षा को और सशक्त करेगा।
अंत में अमन प्रताप सिंह ने कहा कि यह बजट युवा-हितैषी, किसान-हितैषी और गरीब-कल्याणकारी बजट है, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।










