Chhattisgarh

केंद्रीय विद्यालय कोरबा-3 कुसमुंडा में वार्षिक खेल दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न

कोरबा, 05 दिसंबर 2025। केंद्रीय विद्यालय कोरबा-3 कुसमुंडा में वार्षिक खेल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं SECL कुसमुंडा के मुख्य प्रबंधक एस. टी. पाटिल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नामित अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार (APM, SECL कुसमुंडा), अरविन्द कुमार (GM ऑपरेशन, SECL कुसमुंडा) तथा रामलाल कुजूर (स्पोर्ट्स ऑफिसर, SECL कुसमुंडा) शामिल हुए। कलर पार्टी ने सभी अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा स्वागत गीत प्रस्तुत कर की गई। लघु सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्पोर्ट्स-थीम आधारित नृत्य प्रस्तुति दी, जिसमें खेल, नृत्य एवं संतुलन का सुंदर समन्वय देखने को मिला। रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ मुख्य अतिथि ने क्रीड़ा उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

विद्यालय के चारों सदनों — शिवाजी, टैगोर, अशोक और रमन — के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया, जिसका नेतृत्व विद्यालय के स्पोर्ट्स कैप्टन ने किया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि एस.टी. पाटिल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन, एकजुटता और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि अरविन्द कुमार ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने वाला श्रेष्ठ शिक्षण संस्थान है।

विद्यालय के प्राचार्य योगेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के 70 विद्यार्थियों ने संभागीय स्तर पर हिस्सा लिया। इसके साथ ही 10 विद्यार्थी खेलो इंडिया फुटबॉल टीम तथा 23 विद्यार्थी केंद्रीय विद्यालय संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुए, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम का संचालन उप-प्राचार्य विश्राम केरकेट्टा, प्रधानाध्यापिका श्रीमती सतगुना नायक, तथा शिक्षिकाएँ श्रीमती वैशाली भारद्वाज, सुश्री अंकिता जैसवाल, श्रीमती रमा भट्टाचार्जी और सिद्धान्शु द्विवेदी द्वारा किया गया। अंत में उप-प्राचार्य विश्राम केरकेट्टा ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की सफलता में खेल शिक्षक राकेश प्रधान, सुश्री श्वेता सिंह, सुशील कुमार, तथा समस्त शिक्षक-कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button