International

कुवैत के बिजली संयंत्र पर ईरानी हमला, भारतीय कर्मचारी की मौत,सेवा भवन को भारी नुकसान, आपात दल सक्रिय; बिजली-पानी सेवाएं सामान्य रखने का दावा

कुवैत। कुवैत के बिजली और जल अलवणीकरण संयंत्र परिसर में स्थित एक सेवा भवन पर हुए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई। कुवैत के बिजली, जल एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार तड़के इस घटना की पुष्टि की।

मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात ने बताया कि रविवार, 29 मार्च 2026 की शाम को हुए इस हमले में सेवा भवन को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला ईरान की ओर से किया गया बताया जा रहा है। हालांकि, मृतक भारतीय कर्मचारी की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

घटना के तुरंत बाद आपातकालीन सुरक्षा दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मंत्रालय ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में मृतक के प्रति शोक व्यक्त किया और नागरिकों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

कुवैत सरकार ने आश्वासन दिया है कि बिजली और पानी की आपूर्ति प्रणाली पूरी तरह सुरक्षित है। तकनीकी टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं ताकि आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले अबू धाबी में एक ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल को इंटरसेप्ट किए जाने के बाद गिरे मलबे से तीन स्थानों पर आग लग गई थी, जिसमें छह लोग घायल हुए थे। घायलों में पांच भारतीय नागरिक शामिल थे।

Related Articles

Back to top button