Chhattisgarh

कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दोनों मजदूरों की मौत, TRF ने ली जिम्मेदारी

रायपुर/श्रीनगर, 1 अगस्त। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केल्लाम क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए आतंकी हमले में घायल छत्तीसगढ़ के दूसरे प्रवासी मजदूर भूपेंद्र ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे इस हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के मजदूरों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भूपेंद्र के रूप में हुई है। बताया गया है कि भूपेंद्र बलौदाबाजार जिले के निवासी थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे आतंकियों ने केल्लाम इलाके में प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाकर हमला किया। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। खुफिया एजेंसियों की मदद से आतंकियों की तलाश की जा रही है।

आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की भी जांच कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021-22 में भी जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों और गैर-स्थानीय लोगों को निशाना बनाकर कई हत्याएं की थीं। एक बार फिर प्रवासी श्रमिकों पर हुए इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मृत्यु अत्यंत दुखद और निंदनीय है। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button