कसडोल में जहर सेवन से बेहोश हुई महिला की डायल 112 ने बचाई जान, गोल्डन ऑवर में पहुंचाया अस्पताल

बलौदाबाजार, 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में जहर सेवन कर बेहोश हुई एक महिला की डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे डायल 112 नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि कसडोल थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। जहर सेवन के बाद महिला बेहोश हो गई थी और उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

सूचना मिलते ही डायल 112 के वाहन ‘बाज-1 कसडोल’ की टीम बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए आरक्षक और चालक ने तत्काल उसे वाहन में बैठाया और उसके पति के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल के लिए रवाना हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर पुलिस टीम ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों को महिला की स्थिति और जहर सेवन की जानकारी दी। इसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने से महिला को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
यह पूरी कार्रवाई SP गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित आपातकालीन डायल 112 सेवा के तहत की गई। इस मानवीय पहल में आरक्षक क्रमांक 371 आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डायल 112 की टीम की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर पुलिस सहायता के महत्व को सामने लाया है।




