कलेक्टर के निर्देश पर स्वच्छता अभियान में सख्ती, सड़क पर कचरा फेंकने पर मेडिकल स्टोर संचालक पर ₹3 हजार जुर्माना

जांजगीर-चांपा। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नगर पालिका की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर नगर पालिका अमले द्वारा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी दौरान जांजगीर-नैला में नगर पालिका अमले के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया।
दरअसल, नगर पालिका अमला अकलतरा रोड पर स्वच्छता सर्वेक्षण और निरीक्षण के लिए पहुंचा था। इसी दौरान शिव मेडिकल स्टोर के संचालक द्वारा सड़क पर कचरा फेंके जाने की बात सामने आई। नगर पालिका कर्मचारियों ने जब संचालक को सार्वजनिक स्थान पर कचरा नहीं फेंकने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की समझाइश दी, तो मामला विवाद में बदल गया।
आरोप है कि समझाइश देने के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक ने नगर पालिका अमले के साथ बदसलूकी की। विवाद की स्थिति बनने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। इसके बाद नगर पालिका अमले ने स्वच्छता नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर संचालक पर 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को प्रभावी बनाने के साथ ही नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की है। कलेक्टर स्वयं भी शहर की गलियों और प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उनका जोर इस बात पर है कि शहर में नियमित रूप से कचरा उठाव हो और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगे।
नगर पालिका अमले का कहना है कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। लोगों को घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित तरीके से देने तथा सड़क, नाली या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए लगातार समझाइश दी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यकता के अनुसार जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। यदि लोग कचरे को निर्धारित स्थान पर डालें और गीले-सूखे कचरे को अलग रखें तो स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। वहीं, स्वच्छता अभियान में लगे कर्मचारियों के साथ सहयोग और अनुशासन बनाए रखना भी जरूरी है।
कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व निरीक्षक राजीव सिंह बैस, दुष्यंत राठौर, गौरव तिवारी, प्रशांत यादव, शैलेंद्र राठौर सहित प्लेसमेंट कर्मचारी प्रकाश राठौड़, ओमकार राठौर, परदेसी पटेल, नंदकिशोर राठौर, मणि शंकर राठौर, जयकुमार राठौर और प्रीतेश राठौर मौजूद रहे।




