कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ मनाई होली, गुणवत्तापूर्ण भोजन और साफ-सफाई के दिए सख्त निर्देश

बलौदाबाजार भाटापारा। कलेक्टर Kuldeep Sharma ने होली पर्व के अवसर पर वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के साथ खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ आत्मीय संवाद किया। कलेक्टर के आगमन से वृद्धाश्रम का माहौल उत्साह और उमंग से भर उठा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बुजुर्गों से भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और दैनिक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। कई बुजुर्गों ने अपनी दिनचर्या और जरूरतों के बारे में अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर शर्मा ने केयर टेकर को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और भोजन बनाने की प्रक्रिया की जांच की। साथ ही परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की देखभाल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर दवा उपलब्धता और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
होली के अवसर पर कलेक्टर ने बुजुर्गों को मिठाई वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम होते हैं और बुजुर्गों के साथ इन खुशियों को साझा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं वृद्धाश्रम के कर्मचारी उपस्थित रहे।




