कमला नेहरू महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

कोरबा। शहर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था कमला नेहरू महाविद्यालय में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडेय (आईएएस) मुख्य अतिथि तथा नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आयुक्त आशुतोष पांडेय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पुस्तक जीवन की सच्ची मित्र होती है। यदि छात्र ज्ञान को अपना साथी बना लें तो उन्हें भविष्य में किसी के सामने झुकने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं नवोदय विद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं और कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई पूरी की। जीवन ने उन्हें सिखाया कि शिक्षा और ज्ञान ही वह शक्ति है जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाती है।
उन्होंने कहा कि केवल पढ़ाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी रुचियों और क्षमताओं को भी विकसित करना चाहिए ताकि समाज में अपनी अलग पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि कमला नेहरू महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। आयुक्त ने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ आज देश की अग्रणी पंक्ति में खड़ा है और इस उपलब्धि में इस महाविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने समाज में विभिन्न कार्यों की गरिमा पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि अधिकतर विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर या प्रशासनिक अधिकारी बनने की इच्छा रखते हैं, लेकिन समाज के हर कार्य का अपना महत्व है। सफाई कर्मियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे हमारे परिवेश को स्वच्छ रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और समाज को आगे बढ़ाने में हर वर्ग की भूमिका अहम होती है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और वंदना से हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और राजकीय गीत का सामूहिक गायन किया गया। स्वागत-अभिनंदन के पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों और महाविद्यालय की प्रगति का विस्तृत विवरण रखा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, रक्तदान, स्वीप अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, खेल-कूद तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि आशुतोष पांडेय और विशिष्ट अतिथि नूतन सिंह ठाकुर को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मंचासीन अतिथियों में कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. आर.सी. पांडेय, सचिव सुरेंद्र लाम्बा और सहसचिव उमेश लाम्बा शामिल रहे। कार्यक्रम में समिति के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आर.एन. पांडेय, पूर्व नगर निगम आयुक्त अशोक शर्मा, अरविंद साहू, पूर्व पार्षद मनीष शर्मा, अदाणी के जनसंपर्क अधिकारी अतुल गुप्ता, पत्रकार रवि पी. सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यार्थी खड़ा हो जाए तो समाज में क्रांति आती है : नूतन सिंह ठाकुर
विशिष्ट अतिथि नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कमला नेहरू महाविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्था नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने इसी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। गुरुजनों से मिले अनुशासन और नेतृत्व के संस्कारों ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जब विद्यार्थी अपनी शक्ति को पहचानकर खड़ा हो जाता है, तभी समाज में परिवर्तन और क्रांति संभव होती है।
परिणाम ही उत्कृष्टता का प्रमाण : किशोर शर्मा
महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने कहा कि आधी शताब्दी पहले रानी महल में लगाए गए शिक्षा के पौधे ने आज एक विशाल वृक्ष का रूप ले लिया है। महाविद्यालय की उत्कृष्टता उसके बेहतर परीक्षा परिणाम, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों तथा विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों से स्पष्ट झलकती है।
शिक्षा संकाय के नए कक्ष और विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त आशुतोष पांडेय और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने फीता काटकर शिक्षा संकाय के नवीन कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और 100 कंप्यूटरों से सुसज्जित आधुनिक प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय को प्रशासनिक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
समारोह के दूसरे सत्र में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष बृजेश तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन समिति के सचिव सुरेंद्र लाम्बा ने किया।




