कम लागत, आसान उपयोग और बेहतर उत्पादन से बढ़ा नैनो यूरिया पर किसान परमेश्वर सिंह चौहान का विश्वास

जांजगीर-चांपा 08 जून 2026। आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव अब किसानों के खेतों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। नवागढ़ जनपद के ग्राम कचंदा निवासी प्रगतिशील किसान परमेश्वर सिंह चौहान भी ऐसे ही किसानों में शामिल हैं, जिन्होंने नैनो यूरिया को अपनाकर खेती को अधिक सुविधाजनक, किफायती और लाभकारी बनाया है। लगभग ढाई एकड़ कृषि भूमि में खेती करने वाले किसान परमेश्वर सिंह चौहान पिछले एक वर्ष से नैनो यूरिया का उपयोग कर रहे हैं।
श्री चौहान ने बताया कि कृषि विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने नैनो यूरिया का प्रयोग शुरू किया, जिसके परिणाम उत्साहजनक रहे हैं। श्री चौहान ने बताया कि नैनो यूरिया की छोटी बोतल को खेत तक आसानी से ले जाया जा सकता है तथा इसका छिड़काव भी सरल है। समय पर फसल को आवश्यक पोषण मिलने से पौधों की बढ़वार बेहतर हुई है और फसल की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। इसके साथ ही उर्वरक पर होने वाला खर्च कम हुआ है, जिससे खेती की लागत नियंत्रित करने में मदद मिली है।
परमेश्वर सिंह चौहान का मानना है कि नैनो उर्वरक आधुनिक और टिकाऊ खेती की दिशा में एक प्रभावी विकल्प साबित हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के अन्य किसानों से भी अपील की है कि वे कृषि विभाग सेे तकनीकी मार्गदर्शन लेकर नैनो उर्वरकों का उपयोग करें, ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर खेती को लाभकारी बनाया जा सके। उन्होंने किसानों के हित में संचालित शासन की योजनाओं और कृषि विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए इसके लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।





