ऑपरेशन निश्चय के तहत गंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई 3 तस्कर गिरफ्तार, 3000 नशीली गोलियां और क्विड कार जब्त

रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ गंज थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीली गोलियां तथा एक कार जब्त की है।
गंज थाना पुलिस को 16 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति ओडिशा से नशीली गोलियां लाकर रायपुर शहर में बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश में एक्सप्रेस-वे रोड स्थित मैन सराय भवन जाने वाले मार्ग पर पंप हाउस के सामने बैठे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से Nitrazepam Tablets (NITROSUN-10) की 300 स्ट्रिप्स, कुल 3000 गोलियां, एक रेनॉल्ट क्विड कार (अनुमानित कीमत 3.50 लाख रुपये) तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थ, वाहन एवं अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण बघेल (23), निवासी न्यू शांति नगर सिविल लाइन, भावेश खटवानी (32), निवासी लोधीपारा थाना गंज तथा राज दास (24), निवासी न्यू शांति नगर सिविल लाइन शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से नशीली गोलियां लाकर रायपुर में सप्लाई करना स्वीकार किया है। इस मामले में थाना गंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों के नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है, जिसमें आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। रायपुर पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।










