एसईसीएल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

सीएमडी हरीश दुहन ने किया ध्वजारोहण, परेड की सलामी ली; कहा- ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में एसईसीएल की महत्वपूर्ण भूमिका
बिलासपुर, 15 अगस्त 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। बिलासपुर के वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

मुख्य समारोह में सीएमडी हरीश दुहन ने परेड कमांडर व्ही. दक्षिणामूर्ति एवं वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक डी.पी. दिवाकर के नेतृत्व में आयोजित परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान एसईसीएल के सुरक्षा कर्मियों ने अनुशासन एवं समर्पण का परिचय देते हुए आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
ऊर्जा सुरक्षा में घरेलू कोयले की महत्वपूर्ण भूमिका
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति के साथ ऊर्जा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। हाल के वैश्विक एवं भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को और अधिक रेखांकित किया है। संकट की परिस्थितियों में घरेलू कोयला देश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए एक भरोसेमंद स्रोत साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि एसईसीएल के खनिक श्रमवीरों का परिश्रम देश की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र की विकास यात्रा से सीधे जुड़ा हुआ है। कंपनी गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध कोयला आपूर्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दे रही है।
सीएमडी ने एसईसीएल परिवार के कर्मचारियों, श्रमिकों, उनके परिवारों एवं सभी हितधारकों के सामूहिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ एसईसीएल राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को निरंतर मजबूत करता रहेगा।
बच्चों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां
मुख्य समारोह में अतिथियों ने सामूहिक रूप से कबूतर एवं गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति और सद्भाव का संदेश दिया। डीएवी पब्लिक स्कूल, लोयला स्कूल, होली नर्सरी स्कूल, ड्रीमलैंड एवं कृष्णा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह और उमंग भर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीएमडी हरीश दुहन ने परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों एवं प्रतिभागियों को उत्कृष्ट कवायद दल, सर्वोत्कृष्ट कवायद दल तथा उत्तम पोशाक के लिए पुरस्कार प्रदान किए। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले एसईसीएल कर्मियों एवं उनके बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
प्रशासनिक भवन में भी हुआ ध्वजारोहण
इससे पूर्व एसईसीएल मुख्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने ध्वजारोहण किया और सुरक्षा टुकड़ी की सलामी ली।
मुख्य समारोह में निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन सहित श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
‘सृजन’ सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का लोकार्पण
स्वतंत्रता दिवस समारोह के पश्चात सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशक मंडल, मुख्य सतर्कता अधिकारी, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन एवं उपाध्यक्षगण की उपस्थिति में वसंत विहार कॉलोनी में नवनिर्मित ‘सृजन’ (जी+4) सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का लोकार्पण किया।
समारोह का संचालन एवं उद्घोषणा वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) पाणी पंकज पांडे एवं सुरक्षा निरीक्षक एम.पी. जांगड़े ने किया।



