एसईसीएल के डीएवी विद्यालयों के आधुनिक द्रोणाचार्यों का सम्मान,राज्यपाल रमन डेका ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को किया सम्मानित

कोरबा, 8 सितंबर 2026। वसंत विहार, बिलासपुर स्थित डीएवी विद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस के अवसर पर द्रोणाचार्य संगम 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमन डेका ने एसईसीएल द्वारा संचालित सभी 9 डीएवी विद्यालयों में विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।

डीएवी संस्था आधुनिक शिक्षण पद्धति के साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के विकास के लिए भी जानी जाती है। गुरु सत्कार की वैदिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संस्था ने एसईसीएल द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ के कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा, छाल, पाण्डवपारा, चिरमिरी, विश्रामपुर, बिलासपुर एवं भटगांव स्थित 9 डीएवी विद्यालयों के 700 से अधिक शिक्षकों के लिए द्रोणाचार्य संगम 2026 का आयोजन किया।
कार्यक्रम में डीएवी कुसमुंडा के शिक्षक मोहम्मद मुकिद, शंकर कुमार टिकादार तथा शिक्षिकाएं शीतल कौर, मरीना सुषमा सुल्तान और नाहिद परवीन को विशिष्ट उपलब्धि एवं उत्कृष्ट सेवा के लिए राज्यपाल रमन डेका ने सम्मानित किया। विद्यालय के सफल संचालन में विशेष भूमिका निभाने वाले हलधर प्रसाद पाण्डेय एवं दीपक स्वाइन को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय में नवाचार एवं प्रगतिशील तकनीकों को अपनाकर किए गए सफल प्रयोगों के लिए डीएवी कुसमुंडा के प्राचार्य चंद्रमोहन पाण्डेय को भी राज्यपाल ने विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएवी कुसमुंडा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए संस्था को बधाई दी गई।




