आर्या गुप्ता ने “दीवा ऑफ़ छत्तीसगढ़ सीजन 6” में चमक बिखेरी, जांजगीर-चांपा का नाम किया रोशन

जांजगीर-चांपा। शहर की उभरती प्रतिभा आर्या गुप्ता ने रायपुर में आयोजित “दीवा ऑफ़ छत्तीसगढ़ सीजन 6” प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। यह प्रतियोगिता एस.एस. फाउंडेशन द्वारा वीआईपी रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित की गई, जिसमें बिलासपुर, रायपुर, जांजगीर-चांपा और भिलाई सहित विभिन्न जिलों से लगभग 20 से 25 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की मुख्य आयोजक शिखा साहू रहीं। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री मेहक गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थीं। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ रैंप वॉक भी किया, जिससे आयोजन में ग्लैमरस आकर्षण बढ़ गया।
प्रतियोगिता तीन प्रमुख राउंड — ग्लैमिंग सेशन, प्रश्नोत्तर राउंड और टैलेंट राउंड — में आयोजित की गई। प्रत्येक राउंड में प्रतिभागियों ने अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रभावशाली प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।

अंतिम चरण में चयनित प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। फैशन, मॉडलिंग और ब्यूटी कैटेगरी की प्रतियोगियों ने अपनी प्रस्तुति और मेहनत से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
आर्या गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग लेना अपने लिए एक प्रेरणादायक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि “दीवा ऑफ़ छत्तीसगढ़” जैसे मंच पर प्रस्तुत होकर उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है और वे आगे मॉडलिंग एवं फैशन के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए उत्साहित हैं।




