Entertainment

’आर्यभट्ट का जीरो’ का ट्रेलर रिलीज़ — पिता-पुत्र के भावनात्मक रिश्ते, संघर्ष और आत्मविश्वास की प्रेरक कहानी की झलक

‘ज़ीरो’ से ‘हीरो’ बनने की उम्मीद जगाता है ‘आर्यभट्ट का जीरो’ का ट्रेलर, इमोशन, कॉमेडी और दमदार ड्रामे ने जीता दिल

मुंबई, 29 जुलाई 2026: आगामी हिंदी फिल्म ‘आर्यभट्ट का जीरो’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। 2 मिनट 38 सेकंड का यह ट्रेलर एक ऐसे आम युवा की असाधारण यात्रा की झलक दिखाता है, जो असफलताओं, टूटे हुए सपनों, प्रेम में हार, पारिवारिक जिम्मेदारियों और समाज के तानों के बीच अपनी पहचान और सम्मान हासिल करने के लिए संघर्ष करता है। पिता-पुत्र के रिश्ते की भावनात्मक गहराई, जीवन की कठिन चुनौतियाँ और कभी हार न मानने का संदेश ट्रेलर को बेहद प्रभावशाली बनाते हैं।

ट्रेलर की शुरुआत एक शादी की विदाई के अनोखे दृश्य से होती है, जहाँ दुल्हन सबके सामने अपने पुराने प्रेमी को चूम लेती है। माहौल एक पल के लिए सन्नाटे में बदल जाता है, लेकिन तभी दूल्हा मुस्कुराते हुए कहता है, “बैंड बजाओ… ये तो लड़की का भाई है।” इसी अप्रत्याशित और हल्के-फुल्के पल के साथ कहानी दर्शकों को ब्रह्मगुप्त श्रीवास्तव उर्फ ‘बग्गू’ की दुनिया में ले जाती है।

हिमांश कोहली द्वारा निभाया गया बग्गू एक ऐसा युवा है जिसकी जिंदगी में कुछ भी आसान नहीं है। प्रेमिका की दूसरी शादी का दर्द, बार-बार परीक्षाओं में असफल होना, पिता के साथ लगातार टकराव और किस्मत के लगातार दिए गए झटके—इन सबके बीच भी वह हार नहीं मानता। ट्रेलर भावनात्मक और प्रेरणादायक संवादों से भरपूर है, जो सीधे दर्शकों के दिल को छूते हैं।

“अपनी मोहब्बत किसी और की गाड़ी में चली जाए… बुरा तो लगता है।” और “देखना… कहीं सम्मान के चक्कर में अपमान ना हो जाए।” जैसे संवाद फिल्म के भावनात्मक पक्ष को गहराई से सामने लाते हैं। कॉमेडी, इमोशन और इंस्पिरेशनल ड्रामा का संतुलित मिश्रण यह ट्रेलर इस बात का एहसास कराता है कि जिंदगी की हर हार, एक नई जीत की शुरुआत बन सकती है। संघर्ष से सफलता तक का सफर और फिर सफलता के बाद आने वाली नई चुनौतियाँ इस कहानी को हर आम इंसान से जोड़ती हैं।

फिल्म में हिमांश कोहली के साथ सोनाली सहगल, रवि किशन, दर्शना बानिक, राजेश शर्मा, गोपाल दत्त, इश्लीन प्रसाद, अलका अमीन और नीरज सूद अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं अभिनेत्री शिल्पा शिंदे भी फिल्म में एक विशेष किरदार निभाती दिखाई देंगी।

न्यूटेक मीडिया एंटरटेनमेंट और राधिका जी फिल्म्स के बैनर तले तथा A2R Films के सहयोग से बनी इस फिल्म का निर्माण बीरेंद्र भगत, रवि एस. गुप्ता, संजय नागपाल और शेओ बालक सिंह ने किया है। फिल्म के सह-निर्माता सुनील सिहाग, त्रिलोकी नाथ प्रसाद, स्वर्गीय कुलदीप भंडारी, आकांक्षा राहुल शर्मा और रीता गाडगे हैं। फिल्म का निर्देशन कमल चंद्रा ने किया है।

‘आर्यभट्ट का जीरो’ 7 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

अभिनेता हिमांश कोहली ने कहा: “बग्गू सिर्फ एक किरदार नहीं है, बल्कि उन लाखों युवाओं का प्रतिनिधित्व करता है जो जिंदगी में बार-बार गिरते हैं, लेकिन कभी हार नहीं मानते। इस फिल्म ने मुझे सिखाया कि इंसान की असली ताकत उसकी परिस्थितियों में नहीं, बल्कि उनसे लड़ने के हौसले में होती है। मुझे विश्वास है कि दर्शक बग्गू के संघर्ष, उसके दर्द और उसकी जीत में कहीं न कहीं अपनी कहानी जरूर देखेंगे।”

निर्माता बीरेंद्र भगत ने कहा ‘हम हमेशा ऐसी कहानी बनाना चाहते थे जो सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि लोगों के भीतर उम्मीद भी जगाए। ‘आर्यभट्ट का जीरो’ हर उस इंसान की कहानी है जिसे कभी समाज ने कम आंका हो। हमें विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों को हंसाएगी, भावुक करेगी और उन्हें यह एहसास दिलाएगी कि हर ज़ीरो के भीतर एक हीरो बनने की क्षमता होती है।”

निर्देशक कमल चंद्रा ने कहा:
“मेरे लिए ‘आर्यभट्ट का जीरो’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि आत्मविश्वास की ताकत पर आधारित एक भावनात्मक सफर है। हम अक्सर लोगों को उनकी असफलताओं से पहचानने लगते हैं, जबकि हर असफलता के पीछे एक नई शुरुआत छिपी होती है। बग्गू का किरदार उसी जज़्बे का प्रतीक है—गिरकर फिर उठने का, खुद पर विश्वास रखने का और दुनिया को अपनी पहचान से जवाब देने का। मुझे उम्मीद है कि जब दर्शक सिनेमाघरों से बाहर निकलेंगे, तो वे सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि अपने सपनों पर विश्वास करने की नई प्रेरणा भी साथ लेकर जाएंगे।”

Official Trailer Link: https://www.youtube.com/watch?v=_pu7Y9AbMsQ

Related Articles

Back to top button