आधुनिक चुनौतियों के लिए स्काउटिंग कौशल को निखारना जरूरी: झांकी में 73 स्काउटर-गाइडर्स का विशेष प्रशिक्षण संपन्न

रायपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में राज्य प्रशिक्षण केंद्र झांकी (अभनपुर) में 18 से 22 जून तक आयोजित पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के मार्गदर्शन एवं राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर से आए 73 स्काउटर और गाइडर्स ने भाग लिया। समापन अवसर पर सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) डॉ. पूनम सिंह साहू ने कहा कि शिविर का उद्देश्य स्काउटर-गाइडर्स के स्काउटिंग कौशल को आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप विकसित करना और उन्हें वयस्क विकासात्मक प्रशिक्षण प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्काउटिंग गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षित एवं दक्ष नेतृत्व की आवश्यकता है।
राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पांडेय ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों को अपने कौशल को निखारने और समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर को ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताते हुए प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को फर्स्ट एड, बैज इंस्ट्रक्टर एवं एग्जामिनर, ट्रेनिंग काउंसलर तथा योग इंस्ट्रक्टर के रूप में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में टेंट निर्माण, गैजेट्स निर्माण, ब्रिज निर्माण, पट्टी बंधन, ड्रेसिंग, बी.पी. सिक्स, स्काउटिंग फंडामेंटल्स तथा बैज परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक और लाइव सत्र आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को नेतृत्व क्षमता, आपदा प्रबंधन और सामुदायिक सेवा से जुड़े आवश्यक कौशल सिखाए गए।
शिविर के दौरान 21 जून की शाम आयोजित ‘शिविर महाज्वाल’ (कैंप फायर) कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्यालय आयुक्त जी. स्वामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विभिन्न पेट्रोल्स द्वारा छत्तीसगढ़ी, झारखंडी, हरियाणवी और राजस्थानी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रतिभागियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। वहीं शिविर के अंतिम दिन सर्वधर्म प्रार्थना के बाद योगाचार्य डॉ. सी.एल. सोनवानी ने विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
समारोह को राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जलवती साहू, एल.ओ.सी. संतोष साहू, पवन नायक, सहायक एल.ओ.सी. शंकर लाल साहू, सुनील देशलहरे, लीना वर्मा, सरोजिनी यादव, शशिकला सोनी एवं बेग ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान शिविर के सफल संचालन में योगदान देने वाले संचालक मंडल के सदस्यों का विशेष सम्मान किया गया। प्रशिक्षण शिविर के समापन के साथ प्रतिभागियों ने स्काउटिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





