Chhattisgarh

आईटीआई तानसेन चौक पर बीएमएस की आमसभा, श्रमिकों की मांगों को लेकर कलेक्टोरेट तक रैली

कोरबा। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) द्वारा केंद्रीय एवं राज्य स्तर की श्रमिक समस्याओं को लेकर सोमवार को आईटीआई तानसेन चौक पर आमसभा आयोजित की गई। दोपहर लगभग 3 बजे शुरू हुई इस आमसभा में संगठन के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित श्रमिकों को संबोधित करते हुए उनकी लंबित मांगों और श्रम कानूनों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

तीन दिवसीय अधिवेशन में लिए गए निर्णय के तहत जिले में आमसभा आयोजित कर धरना दिया गया। बीएमएस के जिला स्तर के नेताओं राधेश्याम जायसवाल, सुरेन्द्र राठौर, टिकेश्वर सिंह राठौर, देवेन्द्र द्विवेदी, महेन्द्र ठाकुर और सुरेश साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्रमिक हितों की रक्षा के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए।

आमसभा के बाद बीएमएस के बैनर तले श्रमिकों ने रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंचकर कोरबा तहसीलदार तुलाराम भारद्वाज को मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में संविदा कर्मियों के नियमितीकरण तथा ठेका कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके साथ ही योजना कर्मी के रूप में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की लंबित मांगों पर भी शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया गया।

प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में लेबर कोड की दो संहिताओं—औद्योगिक संबंध संहिता 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता 2020—में श्रमिकों की चिंताओं के समाधान सहित 9 सूत्रीय मांगें प्रस्तुत की गईं।

कार्यक्रम को बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ, सेवानिवृत्त विद्युत कर्मचारी संगठन तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठनों का समर्थन प्राप्त हुआ। रैली एवं आमसभा में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी रंजय सिंह, संजय सिंह, अमिया मिश्रा, सीता कंवर और चंपा कंवर सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button