असम CRPF कैंप में गोलीबारी: घटना में शहीद हुआ बालाघाट का लाल विष्णु बघेल, आज रात गृह ग्राम पहुंचेगा पार्थिव शरीर

बालाघाट। बालाघाट जिले के परसवाड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम भीकेवाड़ा (शेरपार) निवासी सीआरपीएफ के जवान विष्णु बघेल असम के केम्प में हुई गोलीबारी की दुखद घटना में वीरगति को प्राप्त हो गए। 44 वर्षीय विष्णु बघेल, श्रीराम बघेल के इकलौते पुत्र थे और सीआरपीएफ की 34 वीं बटालियन में पदस्थ थे। उनके शहीद होने की खबर से पूरे गांव और जिले में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे 34 वीं बटालियन के कैंप में गेट गार्ड ड्यूटी पर तैनात एएसआई बलानी प्रेमावरम ने गार्ड रूम से इंसास राइफल उठाकर क्वार्टर गार्ड में अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान विष्णु बघेल के पेट में गोली लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी एएसआई बैरक पहुंचा, जहां उसने फिर गोलीबारी की। इस हमले में एसआई राम नवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एएसआई माने गोबिंद के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। बाद में आरोपी एएसआई ने उसी राइफल से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शहीद विष्णु बघेल के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और लंबे समय से सीआरपीएफ में देश सेवा कर रहे थे। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा हैं कि शहीद विष्णु बघेल का पार्थिव शरीर 5 अगस्त की रात उनके पैतृक गांव भीकेवाड़ा (शेरपार) पहुंचेगा। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ कल उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।




