Chhattisgarh

अरपा पार को अलग नगर निगम बनाने की मांग, नागरिक सुरक्षा मंच का आंदोलन का ऐलान

2023 के चुनावी वादे को पूरा करने की मांग, 1 अगस्त से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन की घोषणा

बिलासपुर। अरपा पार क्षेत्र को अलग नगर निगम का दर्जा देने की मांग को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच ने जन आंदोलन का शंखनाद किया है। मंच के संस्थापक अमित तिवारी ने घोषणा की है कि मांग पूरी होने की दिशा में ठोस निर्णय नहीं होने पर 1 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।

नागरिक सुरक्षा मंच का कहना है कि वर्ष 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान बिलासपुर नगर विधायक द्वारा बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जारी 23 सूत्रीय स्थानीय जन घोषणा पत्र में अरपा पार क्षेत्र के लिए अलग नगर निगम बनाने का स्पष्ट वादा किया गया था। मंच के अनुसार, इस घोषणा से क्षेत्र की जनता को उम्मीद जगी थी कि लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।

मंच का दावा है कि नगर निगम के लगातार विस्तार के बावजूद अरपा पार क्षेत्र के नागरिक आज भी साफ-सफाई, पेयजल, जलभराव, सड़क, नाली, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। वर्ष 2023 में किए गए वादे के लगभग तीन वर्ष बाद भी अलग नगर निगम के गठन की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्रवासियों में निराशा और नाराजगी बढ़ रही है।

अमित तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के विरोध में नहीं, बल्कि अरपा पार क्षेत्र की जनता के अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए किया जा रहा है। उन्होंने नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री से भी अपेक्षा की कि वे क्षेत्र की जनता की आवाज को सरकार के समक्ष मजबूती से रखें और अलग नगर निगम की मांग को पूरा कराने के लिए निर्णायक पहल करें।

नागरिक सुरक्षा मंच ने स्पष्ट किया है कि उसकी मुख्य मांग अरपा पार क्षेत्र को तत्काल अलग नगर निगम का दर्जा देना है। मंच के अनुसार, जब तक इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button