अयोध्यापुरी को मिलेगी नई सामुदायिक सुविधा, बालको ने शुरू कराया भवन निर्माण, मंत्री लखन लाल देवांगन बोले- विकास में कंपनी की अहम भागीदारी

कोरबा, 9 अगस्त। अयोध्यापुरी के लोगों को जल्द ही सामाजिक आयोजनों के लिए सामुदायिक भवन की सुविधा मिलने वाली है। बालको द्वारा प्रस्तावित भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, पार्षद सरोज शांडिल्य, बालको के मुख्य कॉरपोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।

मंत्री देवांगन ने कहा कि बालको क्षेत्र के विकास में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है। कंपनी औद्योगिक उत्पादन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए भी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्यापुरी में बनने वाला सामुदायिक भवन स्थानीय लोगों के लिए सामाजिक कार्यक्रमों और सामुदायिक गतिविधियों का उपयोगी केंद्र बनेगा।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि समुदाय के विकास के लिए कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत संरचना को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं के विकास से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
बालको के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों के दौरान क्षेत्र में 85 से अधिक आधारभूत संरचना परियोजनाओं को पूरा किया गया है। सड़क, सामुदायिक भवन, पार्क, आंगनवाड़ी केंद्र और सरकारी स्कूलों के नवीनीकरण सहित विभिन्न कार्यों से 20 गांवों के 20,600 से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।
कंपनी ने पिछले दो महीनों में नेहरू नगर में सामुदायिक भवन, सिविक सेंटर में जुबली पार्क और परसाभाठा में पार्क का निर्माण कराया है। बालको प्रबंधन के अनुसार, स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे भी जारी रखा जाएगा।




