Chhattisgarh

अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता ही एक आदर्श शिक्षक की पहचान : डॉ. प्रशांत बोपापुरकर

0.कमला नेहरू महाविद्यालय में स्काउट्स एवं गाइड्स का बिगनर्स कोर्स, बीएड विद्यार्थियों को दिए व्यक्तित्व विकास के सूत्र

कोरबा,21 जुलाई 2026। कमला नेहरू महाविद्यालय में मंगलवार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की ओर से बिगनर्स कोर्स के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने बीएड के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक सफल शिक्षक बनने के लिए केवल विषय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आत्म-अनुशासन और समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति भावनात्मक जुड़ाव भी उतना ही आवश्यक है।

शिक्षा संकाय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भविष्य में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आप सभी के कंधों पर होगी। इसलिए अभी से अपने जीवन में अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक संवेदनशीलता जैसे गुणों को आत्मसात करना जरूरी है। यही मूल्य आपको एक आदर्श शिक्षक के रूप में स्थापित करेंगे और समाज व भावी पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने में सहायक बनेंगे।

कार्यक्रम की रूपरेखा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गाइड कैप्टन श्रीमती गणेशी सोनकर ने प्रस्तुत की। उन्होंने प्राचार्य डॉ. बोपापुरकर के प्रेरक उद्बोधन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षा संकाय की प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुलदीप का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स परिवार से डीओसी उत्तरा मानिकपुरी, डीओसी डिगम्बर कौशिक, सन राइज स्कूल की प्राचार्य पूर्णिमा भट्टाचार्य, शिक्षा संकाय की सहायक प्राध्यापक डॉ. रश्मि शुक्ला, श्रीमती अनिता यादव, राकेश गौतम, नितेश यादव सहित बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button