अनुपमा फेम पारस कलनावत की ‘अप्सरा’ से टीवी पर वापसी, 15-18 किलो वजन घटाकर बदला लुक; बोले, “टीवी शोज़ में काम करना बहुत याद आ रहा था”

मुंबई, 15 अक्टूबर, 2026: अनुपमा फेम पारस कलनावत स्टार प्लस के आगामी सुपरनैचुरल शो ‘अप्सरा’ में समीक्षा जायसवाल और अनुष्का मर्चंडे के साथ नज़र आएँगे। मुक्ता धोंड के इस शो की कहानी समुद्र मंथन से प्रेरित है, जिसमें बुरी शक्तियों से अमृत की रक्षा करने की ज़िम्मेदारी और अपनों को बचाने की चुनौती एक साथ सामने आती हैं। ‘अनुपमा’ के करीब चार साल बाद इस शो के माध्यम से पारस की स्टार प्लस पर वापसी भी हो रही है।
अपनी वापसी के बारे में बोलते हुए, पारस कहते हैं, “लगभग तीन-चार साल बाद स्टार प्लस पर एक बार फिर से लौटना घर वापस आने जैसा लग रहा है। ‘अनुपमा’ ने मुझे एक बड़ा मौका दिया था और यह मेरे करियर का अहम् पड़ाव रहा है। इसलिए यह चैनल मेरे लिए हमेशा खास रहेगा। मैंने वेब की दुनिया में काम करने के लिए टेलीविज़न से कुछ समय का ब्रेक लिया था, लेकिन इस दौरान एहसास हुआ कि मुझे टीवी शोज़ में काम करना कितना याद आ रहा है। टेलीविज़न मेरी ज़िंदगी का बहुत अहम् हिस्सा रहा है और उसी दौरान मुझे ‘अप्सरा’ के लिए कॉल आया।”
इस नए सफर को लेकर उत्साहित पारस आगे कहते हैं, “मैं लंबे समय से मुक्ता मैम के साथ काम करना चाहता था और खुशी है कि अब मुझे यह मौका मिल रहा है। समीक्षा और अनुष्का के साथ काम करने का अनुभव भी बहुत अच्छा रहा है।”
इस शो में दर्शकों को पारस का एक नया लुक भी देखने को मिलेगा। वे बताते हैं, “मैं पहली बार स्क्रीन पर थोड़ा रफ-टफ लुक अपनाने जा रहा हूँ। पिछले डेढ़ साल में मैंने करीब 15-18 किलो वजन घटाया है और शरीर की चर्बी कम करने के साथ मसल्स बनाने पर भी मेहनत की है। ‘अप्सरा’ में दर्शक मुझे पहली बार इस नए लुक में देखेंगे और इसे लेकर मैं काफी उत्साहित हूँ।”
‘अप्सरा’ का प्रीमियर 21 अक्टूबर को रात 10:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।




