Chhattisgarh

अनन्य दिवस पर श्री सर्वेश्वरी समूह ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल

कोरबा, 20 जनवरी।
अवधूत भगवान राम के अनन्य दिवस के अवसर पर बालकोनगर स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा द्वारा मानव सेवा का अनुकरणीय कार्य किया गया। इस अवसर पर शासकीय चिकित्सालय कोरबा के प्रसूति वार्ड में भर्ती जरूरतमंद महिलाओं एवं परिजनों को कंबल एवं शॉल का वितरण किया गया।

कंबल वितरण कार्यक्रम में कोरबा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी अपने स्टाफ के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बालकोनगर अवधूत आश्रम की संरक्षक इंदु शर्मा एवं पी.एन. शर्मा के साथ ही समूह के पदाधिकारी सत्येंद्र दुबे, के.एल. शर्मा, आर.के. त्रिवेदी, संतोष शांडिल्य, सुधा शर्मा, नीलम सिंह, कुसुम शर्मा, हेमलता शांडिल्य, वेदिका सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर चिकित्सालय प्रशासन एवं स्टाफ ने श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा संचालित मानव कल्याण के 19 सूत्रीय कार्यक्रमों की सराहना की।

अनन्य दिवस के उपलक्ष्य में आश्रम परिसर में श्रमदान, गुरु पूजन, सफलयोनी पाठ एवं विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। शाखा मंत्री संतोष शांडिल्य ने बताया कि स्वयंसेवकों द्वारा आश्रम परिसर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए।

उन्होंने अनन्य दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अवधूत भगवान राम को साधना काल में अनेक कठिनाइयों एवं उपेक्षाओं का सामना करना पड़ा। कई दिनों तक उन्हें बिना अन्न-जल के रहना पड़ा। माघ कृष्ण चतुर्दशी के दिन एक वृद्धा द्वारा अन्न प्रदान किए जाने पर उन्हें आध्यात्मिक ज्ञान की अनुभूति हुई। इसके पश्चात उनके जीवन में कभी किसी भौतिक वस्तु की कमी नहीं रही। अवधूत भगवान राम ने उस वृद्धा को मां अन्नपूर्णा का स्वरूप मानते हुए समाज से प्राप्त सभी भौतिक संसाधनों को समाज कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। इसी कारण माघ कृष्ण चतुर्दशी को प्रति वर्ष ‘अनन्य दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

श्री शांडिल्य ने बताया कि यह पर्व देशभर की सभी सर्वेश्वरी समूह शाखाओं में श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ मनाया जाता है।

Related Articles

Back to top button