Chhattisgarh

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रायगढ़ पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों का किया सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘हेलो सिस्टर’ टीम का गठन

रायगढ़, 08 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्षभर अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ देकर महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी प्रभात कुमार पटेल, उत्तम प्रताप सिंह, सिद्धांत तिवारी, सुशांतो बनर्जी तथा आरआई अमित सिंह उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी नारी सशक्तिकरण की मजबूत मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पुलिस, सेना और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं, जिन्हें कभी पुरुष प्रधान माना जाता था। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की अग्रदूत हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं। साथ ही उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया और विभाग के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस ने “हेलो सिस्टर” नाम से महिला पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम के गठन की घोषणा की। इस एक्सक्लूसिव टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी। इसके लिए एक अलग हेल्पलाइन नंबर 9479270533 जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिले में कहीं से भी कोई महिला पीड़ित इस नंबर पर कॉल कर पुलिस से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेगी। टीम का दायित्व होगा कि कॉल मिलने पर तुरंत पीड़ित महिला से संपर्क कर उसे आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाए। इस टीम में डीएसपी उन्नति ठाकुर के साथ महिला थाना प्रभारी और अन्य महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।

सम्मान समारोह में निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक वीणा साहू, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना तथा महिला आरक्षक अनिता बेक, ममता साहू, मेनका चौहान, सुप्रिया सिदार और श्यामा सिदार सहित कई महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सम्मानित की गईं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button