अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा शिविर, 54 मरीज हुए लाभान्वित

कोरबा, 08 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत रविवार 8 मार्च 2026 को कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, विश्व हिंदू परिषद, आरोग्य भारती और आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय (दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड) में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 54 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
शिविर में महिलाओं और युवतियों के सामान्य, साध्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श दिया गया। साथ ही मरीजों के लिए हीमोग्लोबिन जांच, रक्तचाप जांच और रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) की जांच पूरी तरह निःशुल्क की गई। शिविर में ब्लड शुगर की जांच के साथ शुगर रोगियों को आयुर्वेदिक परीक्षित औषधि भी निःशुल्क प्रदान की गई।
शिविर में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सिका, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा और नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने मरीजों की नाड़ी परीक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य जांच कर आयुर्वेदिक उपचार एवं जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण परामर्श दिए।
डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि शिविर में आने वाली अधिकांश महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी पाई गई। उन्होंने कहा कि इसका प्रमुख कारण महिलाओं का अपनी सेहत के प्रति लापरवाह होना और शरीर का चयापचय तंत्र ठीक से कार्य न करना है। उन्होंने महिलाओं को सलाह दी कि वे अपने खान-पान और दिनचर्या पर विशेष ध्यान दें तथा शरीर के चयापचय को संतुलित रखने के लिए प्रयास करें।
उन्होंने यह भी बताया कि गिलोय का रस और गेहूं के जवारे का रस हीमोग्लोबिन की कमी को दूर करने में अत्यंत लाभकारी होता है। नियमित सेवन से शरीर में रक्त की मात्रा बढ़ती है और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।
शिविर के दौरान महिलाओं के लिए विशेष रूप से ऊर्जा प्रदान करने वाला आयुर्वेदिक क्वाथ भी निःशुल्क पिलाया गया, जिससे उनकी कार्यक्षमता और शारीरिक ऊर्जा में वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष लायन शिव जायसवाल, कोषाध्यक्ष लायन गजेंद्र राठौड़, संरक्षक लायन सुधीर सक्सेना, नेत्रनंदन साहू, कमल धारीया, अश्वनी बुनकर, अरुण मानिकपुरी, मनीष कौशिक, तोरेंद्र सिंह, महेंद्र साहू, देवबली कुंभकार, राकेश इस्पात, सिद्धराम शाहनी तथा श्री डायग्नोस्टिक सेंटर पैथो लैब के संचालक कंवल चंद्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे और शिविर के सफल आयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद और योग के प्रति जागरूक करना तथा महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना है, ताकि वे स्वस्थ रहकर परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।




