National

Whatsapp इंडिया के प्रमुख अभिजीत बोस ने दिया इस्तीफा, Meta के पब्लिक पॉलिसी हेड ने भी छोड़ा पद

एलन मस्क द्वारा ट्विटर अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरु हुआ छटनी का दौर लगातार बढ़ रहा है। बीते दिनों टेक दिग्गज मेटा ने अपने 11 हजार कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था। कंपनी ने इसके पीछे लागत क्षमता में कटौती का हवाला दिया था। जिसके बाद आज व्हाट्सएप इंडिया के प्रमुख अभिजीत बोस और मेटा के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राजीव अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

व्हाट्सएप हेड ने सेवाओं के लिए दिया धन्यवाद

कंपनी ने शिवनाथ ठुकराल को मेटा इंडिया पब्लिक पॉलिसी का प्रभार दिया है। वो वर्तमान में भारत में व्हाट्सएप पब्लिक पॉलिसी के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। व्हाट्सएप के प्रमुख विल कैथकार्ट ने अपने एक बयान में बोस का धन्यवाद करते हुए कहा कि, मैं भारत में व्हाट्सएप के हमारे पहले प्रमुख के रूप में उनके जबरदस्त योगदान के लिए अभिजीत बोस को धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने हमारी टीम को नई सेवाएं प्रदान करने में मदद की, जिससे लाखों लोगों को फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप भारत के लिए बहुत कुछ कर सकता है। हम व्हाट्सएप के जरिए भारत के डिजिटल परिवर्तन को लेकर उत्साहित हैं।

भारत के पहले व्हाट्सएप हेड थे बोस

बोस फरवरी 2019 में भारत में व्हाट्सएप के पहले कंट्री हेड के रूप में जुड़े थे। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप की सभी टीमों के लिए सप्ताह कठिनाईयों से भरा रहा है। बोस ने कहा कि वह एक छोटे से ब्रेक के बाद फिर से वापसी करेंगे। वहीं, ठुकराल भारत में फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के सार्वजनिक नीति मामलों के लिए जिम्मेदार होंगे। मेटा ने अपने एक बयान में कहा है कि वह अपनी प्राथमिकता के तौर पर भारत के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button