Under-19 World Cup में छठी बार चैंपियन बनी टीम इंडिया टीम, इंग्लैंड को हराकर रचा इतिहास

भारतीय अंडर-19 टीम ने 2026 वर्ल्ड कप में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में इंग्लैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह भारत की अंडर-19 क्रिकेट में छठी ट्रॉफी है, जिससे वे इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम बन गए हैं।
इस ऐतिहासिक जीत ने भारतीय युवा क्रिकेट की ताकत और भविष्य की चमक को एक बार फिर साबित कर दिया है।
हरारे में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने 20 के स्कोर पर आरोन जॉर्ज (9) का विकेट गंवा दिया। यहां से वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 गेंदों में 142 रन जुटाते हुए टीम को 162 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
वैभव सूर्यवंशी की 175 रनों की पारी
म्हात्रे 51 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 53 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ महज 39 गेंदों में 89 रन की साझेदारी करते हुए भारत के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। वैभव 80 गेंदों में 15 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ 175 रन बनाकर आउट हुए। यहां से वेदांत ने विहान मल्होत्रा के साथ चौथे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। भारतीय टीम 308 रन तक अपने 5 विकेट खो चुकी थी।
भारतीय टीम ने बनाए 411 रन
अभिज्ञान कुंडू ने आरएस अम्ब्रीश के साथ 51 रन की साझेदारी की। अभिज्ञान कुंडू 31 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अम्ब्रीश ने 18 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान ने 20 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ नाबाद 37 रन बनाकर भारत के स्कोर को 411/9 तक पहुंचा दिया। इंग्लिश खेमे से जेम्स मिंटो ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट हासिल किए। एक विकेट मैनी लम्सडेन के नाम रहा।
इंग्लैंड की शुरुआत रही खराब
इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को शुरुआती झटका 19 के स्कोर पर लगा। जोसेफ मूर्स 17 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद दूसरे विकेट के लिए बेन डॉकिन्स और बेन मेयर के बीच 74 रनों की साझेदारी हुई। लेकिन 45 के निजी स्कोर पर बेन मेयर आउट हो गए। एक छोर पर बेन डॉकिन्स जमे हुए थे।
बेन डॉकिन्स का शतक
बेन डॉकिन्स ने इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव के साथ मिलकर 49 रनों की साझेदारी की। थॉमस रेव 31 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बेन डॉकिन्स ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 66 रन बनाकर डॉकिन्स आउट हो गए। 174 पर चौथा विकेट गिरा था। यहां से 177 तक पहुंचने में इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवा दिए। लगातार तीन विकेट गंवाने के बाद इंग्लैंड ने मैच भी अपने हाथ से गंवा दिया। लेकिन अंत में कैलेब फाल्कनर ने शतकीय पारी खेलकर उम्मीद को जिंदा रखने की कोशिश की। लेकिन बड़े लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच सके।




