Chhattisgarh

कोरबा: एमपी नगर की उचित मूल्य दुकान नहीं खुलने से वार्डवासी परेशान, चावल आने के बाद भी वितरण ठप

कोरबा। शहर के एमपी नगर स्थित उचित मूल्य की दुकान को लेकर वार्डवासियों में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान में चावल की आपूर्ति हो जाने के बावजूद संचालक द्वारा नियमित रूप से दुकान नहीं खोली जा रही है, जिससे हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता दुकान पहुंच रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी दुकान नहीं खुल रही है। वार्डवासियों का कहना है कि संचालक द्वारा दुकान न खोलने का स्पष्ट कारण भी नहीं बताया जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत मिलने वाले राशन पर कई परिवारों की आजीविका निर्भर है। ऐसे में दुकान बंद रहने से जरूरतमंद परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा नियमित रूप से राशन वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button