CMD हरीश दुहन के करकमलों से एसईसीएल वसंत विहार कॉलोनी में वसंत क्लब का लोकार्पण सम्पन्न

बिलासपुर, 31 दिसंबर । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के करकमलों से आज दिनांक 31 दिसम्बर 2025 को एसईसीएल की वसंत विहार कॉलोनी में विस्तारित एवं नवनिर्मित वसंत क्लब का विधिवत लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी–संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी–परियोजना एवं योजना) रमेश चंद्र महापात्र की गरिमामयी उपस्थिति रही।

वसंत क्लब के विस्तार एवं नवीन निर्माण कार्य के अंतर्गत सदस्यों और उनके परिवारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एवं बहुउद्देशीय अवसंरचना विकसित की गई है। नवनिर्मित सुविधाओं में 20.50×34.00 मीटर का मुख्य हॉल, 20.50×6.20 मीटर का सुसज्जित मंच, चेंज रूम, महिला एवं पुरुषों के प्रसाधन, वुडन फ्लोर युक्त स्क्वैश रूम, ग्राउंड फ्लोर व फर्स्ट फ्लोर लॉबी, पेंट्री, टी.टी. हॉल, कार्यालय कक्ष, प्री-बैंक्वेट एरिया तथा कैरम रूम शामिल हैं।
वसंत क्लब का यह नया स्वरूप एसईसीएल परिवार के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देगा तथा सामुदायिक सहभागिता को और सशक्त करेगा एवं आधुनिक सुविधाओं के साथ मनोरंजन, स्वास्थ्य एवं आपसी मेलजोल का एक सशक्त केंद्र सिद्ध होगा।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (सिविल) भानु सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।




