KORBA BREAKING:कटघोरा-पाली हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को चोरों ने लगाया पलीता, 15 सीसी कैमरों की बैटरियां पार

कोरबा, 15 नवंबर 2026। कटघोरा-बिलासपुर हाईवे पर कटघोरा से पाली के बीच राहगीरों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं के बाद त्वरित मदद पहुंचाने के उद्देश्य से स्थापित हाईटेक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था चोरों के निशाने पर आ गई है। अज्ञात चोरों ने हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर लगे 15 खंभों के निगरानी सिस्टम में सेंध लगाते हुए कैमरों को संचालित करने के लिए लगाए गए बॉक्स की बैटरियां चोरी कर लीं। इसके चलते हाईवे पर लाइव निगरानी व्यवस्था ठप हो गई है।
जानकारी के अनुसार, कटघोरा से पाली के बीच हाईवे के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर ऊंचे खंभे स्थापित कर 360 डिग्री तक निगरानी करने वाले आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से सड़क पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही दुर्घटनाओं और अन्य आपात परिस्थितियों में तत्काल जानकारी जुटाने की व्यवस्था की गई थी। कैमरों को सुचारु रूप से संचालित रखने के लिए प्रत्येक निर्धारित स्थान पर बॉक्स में बैटरियां लगाई गई थीं। अज्ञात चोरों ने इन्हीं बैटरियों को निशाना बनाते हुए 15 स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हैरानी की बात यह है कि मदनपुर टोल नाका के समीप ऑनलाइन निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित है, जहां कर्मचारियों की ड्यूटी रहती है। इसके बावजूद बैटरियां चोरी होने की भनक तत्काल नहीं लग सकी। बाद में जब कंट्रोल रूम के मॉनिटर पर कैमरों का लाइव वीडियो दिखाई देना बंद हुआ, तब मेंटेनेंस के लिए पहुंचे कर्मचारियों ने जांच की। इस दौरान अलग-अलग खंभों पर लगे बॉक्स से बैटरियां गायब मिलीं।
हाईवे की निगरानी व्यवस्था का रखरखाव करने वाली कंपनी डीबीएल की ओर से इस संबंध में पाली थाने में केवल चोरी की सूचना दी गई है। कंपनी ने पुलिस से विधिवत कार्रवाई की मांग नहीं की है। पाली TI निरीक्षक मनोज कौशिक ने बताया कि संबंधित कंपनी की ओर से हाईवे पर लगे खंभों से बैटरियां चोरी होने की सूचना दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कराने के संबंध में कहने पर कंपनी के प्रतिनिधियों ने कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही। इसके चलते मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है।
हाईवे पर सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का इस तरह ठप होना राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। वहीं, चोरी की घटना के बाद कैमरों की निगरानी कब तक बहाल होगी, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।




