Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा बना बालक वर्ग का चैंपियन, दुर्ग ने जीता बालिका वर्ग का खिताब; राष्ट्रीय नेटबॉल स्पर्धा के लिए छत्तीसगढ़ की टीम तैयार

  • 5वीं राज्य स्तरीय जूनियर नेटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, 433 खिलाड़ियों और ऑफिशियल ने लिया हिस्सा; राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले लगेगा एक महीने का प्रशिक्षण शिविर

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में आयोजित 5वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर नेटबॉल प्रतियोगिता का समापन 22 नवंबर को हाई स्कूल मैदान में हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में मेजबान जांजगीर-चांपा जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग में दुर्ग जिले की टीम चैंपियन बनी। प्रतियोगिता के साथ ही कड़े चयन ट्रायल के बाद आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए छत्तीसगढ़ की जूनियर नेटबॉल टीम के संभावित खिलाड़ियों का चयन भी किया गया।

नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा एवं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें जांजगीर-चांपा की टीम ने दुर्ग को 27-26 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में दुर्ग की टीम ने धमतरी को 25-18 से पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया।

बालक वर्ग में जांजगीर-चांपा प्रथम, दुर्ग द्वितीय तथा राजनांदगांव और धमतरी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम, धमतरी द्वितीय तथा कोरबा और रायपुर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।

433 खिलाड़ियों और ऑफिशियल ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 15 और बालिका वर्ग की 16 टीमों ने भाग लिया। लीग कम नॉकआउट पद्धति से आयोजित मुकाबलों में प्रदेशभर से कुल 433 खिलाड़ी, कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल शामिल हुए।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल संपन्न

प्रतियोगिता के दौरान नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए पारंपरिक नेटबॉल, मिक्स नेटबॉल एवं फास्ट-5 नेटबॉल के चयन ट्रायल आयोजित किए। पूरी चयन प्रक्रिया नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के ऑब्जर्वर पवन पटले की देखरेख में संपन्न हुई। चयन कमेटी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर संभावित खिलाड़ियों की सूची तैयार कर संघ को सौंप दी है।

पारंपरिक नेटबॉल के लिए 15 बालक और 15 बालिकाओं, फास्ट-5 नेटबॉल के लिए 14 बालक और 14 बालिकाओं तथा मिक्स नेटबॉल के लिए 8 बालक और 8 बालिकाओं के नाम चयनित किए गए हैं।

एक महीने के प्रशिक्षण शिविर के बाद होगा अंतिम चयन

छत्तीसगढ़ की मजबूत टीम तैयार करने के लिए चयनित खिलाड़ियों का एक महीने का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में खिलाड़ियों की फिटनेस, शारीरिक क्षमता और खेल कौशल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके बाद अंतिम चयन ट्रायल आयोजित कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम की घोषणा की जाएगी।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने बताया कि इस वर्ष जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय नेटबॉल प्रतियोगिताएं महाराष्ट्र के गोंदिया में 2 से 8 जनवरी तक आयोजित होंगी। इनमें पारंपरिक नेटबॉल, मिक्स नेटबॉल और फास्ट-5 नेटबॉल स्पर्धाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश के लिए पदक हासिल कर सकें।

Related Articles

Back to top button