Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा युवा कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, पंकज शुक्ला ने संभाला जिलाध्यक्ष पद

जांजगीर-चांपा। जिला युवा कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने आज विधिवत रूप से अपने पद का भार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित पदभार ग्रहण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि युवा कांग्रेस पार्टी की रीढ़ है और संगठन की मजबूती युवाओं की सक्रिय भूमिका पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा। डॉ. महंत ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जांजगीर-चांपा जिले में युवा कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को संगठित कर शिक्षा, रोजगार, महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित पदाधिकारियों और समर्थकों ने नए नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए संगठन को नई दिशा देने की अपेक्षा व्यक्त की। पदभार ग्रहण समारोह को लेकर जिले के कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में सकारात्मक माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button