Chhattisgarh

जांजगीर महाविद्यालय में शौचालय समस्या को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

जांजगीर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जांजगीर-चांपा इकाई द्वारा शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर में प्रसाधन (शौचालय) की गंभीर समस्या को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया। परिषद के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं को हो रही असुविधाओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि महाविद्यालय परिसर में शौचालय एवं नल की स्थिति बेहद खराब है, जिससे विद्यार्थियों को दैनिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए परिषद ने प्रसाधन व्यवस्था के सुधार एवं जल आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी।

इस दौरान प्राचार्य ने एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और जल्द से जल्द आवश्यक सुधार कार्य कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक उदय पाण्डेय, नगर सहमंत्री आर्यन सिंह, महाविद्यालय प्रमुख अनुराग त्रिपाठी सहित छात्र शुभम राठौर, कृष धीवर, पुष्पेन्द्र बन्दे और नीतीश सोनी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महाविद्यालय से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा की गई। एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि परिषद छात्रहित में सदैव पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रखेगी।

Related Articles

Back to top button