Chhattisgarh

अग्निशमन सेवा सप्ताह पर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को बताए गए आग से बचाव के उपाय

कोरबा, 9 अप्रैल 2026। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 4 गोपालपुर, कोरबा में बुधवार को अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) अग्निशाखा, एसटीपीपी दर्री कोरबा के सहायक कमांडेंट सुरेंद्र सिंह एवं उनकी टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं को आग से बचाव और सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान सहायक कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घर, विद्यालय या किसी भी स्थान पर अचानक आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से काम लेना चाहिए। उन्होंने प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के उपायों के साथ ही तत्काल फायर सेफ्टी विभाग को सूचना देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक बनना और दूसरों को भी जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस दौरान विद्यालय के खेल मैदान में प्रतीकात्मक रूप से आग लगाकर उसे नियंत्रित करने का प्रदर्शन भी किया गया। इस डेमो को देखकर छात्रों ने आग बुझाने की तकनीकों को व्यवहारिक रूप से समझा और महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

विद्यालय के प्राचार्य बी.एस. अहीरे ने कार्यक्रम में उपस्थित सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट सुरेंद्र सिंह एवं उनकी टीम का स्वागत किया और इस उपयोगी पहल के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन स्नातकोत्तर शिक्षक जी.आर. जांगड़े ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कक्षा आठवीं की छात्रा अलीशा मेमन द्वारा प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकगण विनोद कुमार वर्मा, रविकांत, विवेक कुमार, दिनेश प्रजापति, करिश्मा उपाध्याय सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button