Chhattisgarh

SECL दौरे पर पहुंचे कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम

रायपुर, 3 अप्रैल। Coal India Limited के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक बी. साईराम तीन दिवसीय दौरे पर South Eastern Coalfields Limited पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

अपने दौरे के दौरान साईराम एसईसीएल की मेगा परियोजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे परिचालन कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे उत्पादन, सुरक्षा एवं विकास से जुड़ी गतिविधियों का भी अवलोकन करेंगे।

बी. साईराम ने 15 दिसंबर 2025 को कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक का पदभार संभाला था। इससे पहले वे Northern Coalfields Limited के सीएमडी रह चुके हैं।

करीब साढ़े तीन दशकों के अनुभव वाले साईराम ने एनआईटी रायपुर से खनन इंजीनियरिंग में स्नातक तथा एनटीपीसी स्कूल ऑफ बिजनेस से ऊर्जा प्रबंधन में एमबीए किया है। उन्हें खनन संचालन, योजना, लॉजिस्टिक्स और नियामकीय मामलों में व्यापक अनुभव है। साथ ही वे ‘जस्ट एनर्जी ट्रांजिशन’ से जुड़े अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों में भी शामिल रहे हैं।

एनसीएल के सीएमडी के रूप में उन्होंने जयंत ओपनकास्ट परियोजना की क्षमता 30 से बढ़ाकर 38 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा बड़े पैमाने पर पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कार्यों को सफलतापूर्वक लागू किया। ‘ब्लॉक-बी’ परियोजना में भी उन्होंने पर्यावरणीय बाधाओं को दूर करते हुए उत्पादन क्षमता 5.5 से 10 मिलियन टन प्रतिवर्ष तक बढ़ाने में योगदान दिया।

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में निदेशक (तकनीकी) के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने कोयला लॉजिस्टिक्स, फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी और रेल अवसंरचना विकास को गति दी।

कोल इंडिया में नेतृत्व संभालने के बाद उन्होंने उत्पादन और गुणवत्ता सुधार के साथ-साथ सौर ऊर्जा, कोयला गैसीकरण और सतत खनन पर विशेष जोर दिया है। उनका अनुभव और नेतृत्व कंपनी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button