Chhattisgarh

SECL मुख्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 2026 का शुभारंभ, स्वच्छता को जीवनशैली बनाने की ली शपथ

बिलासपुर, 18 सितम्बर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय में 18 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 2026 का शुभारंभ स्वच्छता शपथ के साथ किया गया। मुख्य प्रशासनिक भवन स्थित आगंतुक कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, अधिकारी-कर्मचारियों और श्रम संघ प्रतिनिधियों ने स्वच्छता के प्रति सजग रहने और इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी) संचालन रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी) योजना/परियोजना (अति. प्र.) नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और श्रम संघ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्वच्छता शपथ के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने अपने आसपास और कार्यस्थल को साफ-सुथरा रखने, स्वच्छता के प्रति निरंतर सजग रहने तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। साथ ही हर वर्ष 100 घंटे यानी प्रत्येक सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करने की शपथ भी ली गई। इस दौरान स्वच्छ वातावरण के निर्माण में व्यक्तिगत सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।

भारत सरकार के निर्देशानुसार एसईसीएल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ कार्यस्थल को बढ़ावा देने के साथ स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।

एसईसीएल परिवार ने अभियान के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने और इसे दैनिक जीवन के साथ-साथ कार्यसंस्कृति का भी अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कंपनी की ओर से स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button