SECL इंदिरा विहार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम व होली मिलन समारोह आयोजित

बिलासपुर, 09 मार्च । एसईसीएल इंदिरा विहार स्थित महिला कल्याण समाज द्वारा 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल के उप महाप्रबंधक शेख जाकिर हुसैन रहे। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में अपनी भूमिका को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण अग्रवाल ने महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर और यूट्रस कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
इस अवसर पर समाज सेविका लता गुप्ता, विनीता राव और सुनीता मणिपुरी ने भी महिला सशक्तिकरण के विषय पर अपने विचार साझा किए। वहीं कृति गंगाजली ने नारी शक्ति पर अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन महिला कल्याण समाज की सचिव माधुरी तिवारी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहसचिव रेहाना खान सहित समाज की अनेक सदस्याओं का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रीति, रवि और रजनी ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया। गीत-संगीत, रंग-गुलाल और हंसी-खुशी के माहौल में महिलाओं ने होली मिलन और महिला दिवस का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया।




