Chhattisgarh

SDRF टीम ने नगर सेना के संयुक्त रेस्क्यू कार्यवाही से बरामद किया शव

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जांजगीर चांपा – जिले के हथनेवरा गांव के पास एनीकट में तेज पानी के बहाव में लापता मृतक का शव नगर सेना बचाव टीम के संयुक्त कार्यवाही में एसडीआरएफ बिलासपुर टीम ने इक्कीस घंटे की कड़ी मेहनत से निकालने में सफलता हासिल की है।


इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेण्ट महोदया सुश्री योग्यता साहू ने अरविन्द तिवारी को बताया कि गत दिवस 07 जून को सुबह लगभग सवा आठ बजे डायल 112 रायपुर द्वारा ग्राम हथनेवरा थाना चाम्पा के हसदेव नदी एनीकट में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही तत्काल नगर सेना बचाव टीम एवं एसडीआरएफ बिलासपुर टीम घटनास्थल पहुंचे। इनके द्वारा संयुक्त रेस्क्यू कार्य करते हुये लगातार इक्कीस घंटे की कड़ी मेहनत से नदी में डूबे व्यक्ति लक्ष्मी साहू पिता रामभोला उम्र 38 वर्ष निवासी हथनेवरा के शव को निकालकर पुलिस थाना चांपा को अग्रिम कार्यवाही हेतु सुपूर्द किया गया। गौरतलब है कि शनिवार को सुबह सवा सात बजे रोजाना की तरह प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत लक्ष्मी प्रसाद साहू अपनी बेटी श्वेता और भतीजा मनीष के साथ नहाने के लिये एनिकट पहुंचा था। दोनों बच्चे नदी में नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले गये , यह देखकर लक्ष्मी प्रसाद उन्हें बचाने कूद पड़ा।

इस दौरान दोनो बच्चों को पानी में डूबने से तो बचा लिया , मगर वह खुद तेज बहाव में बह गया था। घटना की सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू की लेकिन दिन भर में कुछ हासिल नही हुआ। दूसरे दिन रविवार की सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया , तब कुछ ही देर में रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से लगभग चार सौ मीटर दूर नदी किनारे तैरता हुआ मृतक का शव बरामद कर चाम्पा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जहां पंचनामा और पोस्टमार्टम कार्यवाही के पश्चात पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार हेतु उसके परिजनों को सौंप दिया।

इन जवानों की भूमिका रही सराहनीय

नदी अंदर से रेस्क्यू कर शव को बरामद करने में एसडीआरएफ टीम एवं नगर सेना जांजगीर के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसमें नगर सेना बचाव टीम के सदस्य विश्वंभर राठौर , कृष्ण कुमार गिरी , नंद कुमार सिदार , बृजेश पटेल , हेमंत चन्द्रा , कमल किशोर उपाध्याय , बनारसी कश्यप , श्रवण पटेल , प्रहलाद तिवारी एवं एसडीआरएफ बिलासपुर टीम के सदस्य दीपक तिवारी , शिवशंकर कंवर , धनेश्वर सिदार , भारत कुमार , जनक राम पटेल , राकेश पटेल , बलराम सिंह , लीलाधर राठौर , धनेश्वर राठिया , दीपक साहू , खेमसिंह राजपूत का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button