Chhattisgarh

Raipur Breaking : पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री गिरफ्तार

रायपुर, 01 मार्च। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए उरला थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री को पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 66/26 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अवैध हथियार रखने और उसकी खरीदी-बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 01 मार्च 2026 को उरला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीरगांव के दुर्गानगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स के पास एक व्यक्ति पिस्टल लेकर घूम रहा है।

सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री, निवासी दुर्गानगर बीरगांव, थाना उरला के रूप में हुई, जो क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है।

तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। जब पुलिस ने हथियार रखने के वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार और कारतूस जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री के खिलाफ थाना माना, मौदहापारा, खमतराई और उरला में मारपीट, बलवा, लूट और हत्या के प्रयास सहित लगभग दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में कई मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।

पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button