Chhattisgarh

Raigarh Crime : खेतों से बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 2 किलो तांबा तार और बाइक जब्त

रायगढ़, 7 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले की पुसौर पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलोग्राम तांबे का तार तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पिछले कुछ समय से पुसौर क्षेत्र के किसानों द्वारा खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की लगातार शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई।

इसी दौरान 5 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35 वर्ष) ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का लगभग 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22 वर्ष) और दिगम्बर मांझी (26 वर्ष), दोनों निवासी रेंगालपाली, थाना पुसौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर खेतों से केबल वायर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार के कब्जे से चोरी किए गए केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार बरामद किया। वहीं दिगम्बर मांझी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13 AV-0523) भी जब्त की गई।

पुलिस जांच में दोनों आरोपियों की संयुक्त भूमिका सामने आने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) भी जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुसौर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में किसानों के खेतों से लगातार हो रही केबल वायर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोह पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली है। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस एवं पुसौर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button