National

PM मोदी ने काशी से 4 वंदेभारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी; जानें रूट-शेड्यूल और अन्य डिटेल

धानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) द्वारा विकसित ये नई सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनें देश में रेल यात्रा में और क्रांति लाएंगी।

इनके साथ, देश में वंदे भारत ट्रेन सेवाओं की कुल संख्या बढ़कर 164 हो गई है।

नई वंदे भारत ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु के बीच चलेंगी। ये नई ट्रेनें चारों ही रूट की यात्रा के समय को काफी कम कर देंगी। इससे क्षेत्रीय विकास होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और देश भर में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

ये रहेंगे रूट और समय

बनारस-खजुराहो ट्रेन संख्या 26422/26421- बनारस-खजुराहो वंदे भारत इस मार्ग पर सीधी कनेक्टिविटी देगी। वंदे भारत से इस रूट पर लगभग 2 घंटे 40 मिनट की बचत होगी। यह वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो सहित भारत के कुछ सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगी। इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत सुबह 5.25 बजे वाराणसी से प्रस्थान करेगी और और 1:10 बजे खजुराहो पहुंचेगी। वहीं, खजुराहो से 15:20 बजे प्रस्थान करेगी और और 23:00 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इस रूट पर विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, चित्रकूट धाम, बांदा और महोबा स्टेशन पर ट्रेन के स्टॉप होंगे।

लखनऊ-सहारनपुर ट्रेन संख्या 26503/26504- लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत ट्रेन का सफर लगभग 7 घंटे 45 मिनट में पूरा होगा। इससे यात्रा करने वालों का एक घंटे का समय बचेगा। इस रूट पर लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों के साथ ही लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से रुड़की होते हुए हरिद्वार तक पहुंचने वालों को भी आसानी होगी। ये ट्रेन लखनऊ जंक्शन से सुबह 5 बजे प्रस्थान करेगी और सहारनपुर 12:45 बजे पहुंचेगी। ट्रेन सहारनपुर से दोपहर 1 बजे प्रस्थान करगी और लगभग 23:00 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

फिरोजपुर-दिल्ली ट्रेन संख्या 26462/26461- फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन से 6 घंटे 40 मिनट से कम समय में सफर पूरा होगा। इस रूट पर दिल्ली, फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला जुड़ेंगे। ट्रेन फिरोजपुर कैंट से सुबह 7:55 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 1:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी ट्रेन दिल्ली से 16:00 बजे प्रस्थान करेगी और 22:35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।

एर्नाकुलम-बेंगलुरु ट्रेन संख्या 26651/26652- एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस से रूट पर सफर में दो घंटे की कमी आएगी। केवल 8 घंटे 40 मिनट में सफर पूरा होगा। इस रूट पर वंदे भारत से केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच आवागमन आसान होगा। यह ट्रेन केएसआर बेंगलुरु से सुबह 5:10 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 1:50 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन एर्नाकुलम से दोपहर 2:20 बजे प्रस्थान करेगी और रात 11:00 बजे केएसआर बेंगलुरु पहुंचेगी।

किराया

चारों रूटों पर आज वंदे भारत ट्रेनें शुरू की जा रही हैं। हालांकि चारों नई ट्रेनों के लिए आधिकारिक किराया सूची अभी पूरी तरह से जारी नहीं की गई है। वहीं, वंदे भारत ट्रेनों के किराए की बात करें तो चेयर कार का किराया लगभग 890 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर का किराया लगभग 2300 रुपये रहता है। ऐसे में इन चारों रूटों पर भी किराया इसी कीमत के आसपास रहेगा।

Related Articles

Back to top button