Chhattisgarh

NTPC लारा ने स्कूलों और आईटीआई में आयोजित की सतर्कता जागरूकता प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों को दिया ईमानदारी का संदेश

रायगढ़, 03 नवंबर। एनटीपीसी लारा द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत पुसौर विकासखंड के शासकीय विद्यालयों एवं आईटीआई संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि (Probity to Prosperity)’ रखी गई, जिसके माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया गया।

एनटीपीसी लारा में आयोजित इस अभियान के तहत तीन माह तक चलने वाले केंद्रीय सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत कर्मचारियों, उनके जीवनसाथियों एवं बच्चों के साथ-साथ आसपास के शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया। इस दौरान निबंध लेखन, वाद-विवाद और चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए सतर्कता, नैतिकता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सुश्री यशिका गुप्ता ने सतर्कता एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित मधुर गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। वहीं, गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. श्रीनाथ, महाप्रबंधक (परियोजना) राजन कुमार श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (अनुरक्षण) उड्डगिरी वी.वी.एस. श्रीनिवास राव, मानव संसाधन प्रमुख जाकिर खान तथा सतर्कता विभाग के अपर महाप्रबंधक एच.एस. पटेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एनटीपीसी लारा की इस पहल का उद्देश्य केवल संगठन के भीतर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता, पारदर्शिता और नैतिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को यह संदेश दिया गया कि ईमानदारी और जवाबदेही किसी भी संस्थान तथा समाज की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। यह आयोजन भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जिम्मेदार समाज के निर्माण के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button