NCL का 42वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, कर्मियों के समर्पण और उपलब्धियों को किया गया याद

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) का 42वां स्थापना दिवस शनिवार को मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर कंपनी की अब तक की उपलब्धियों को याद करने के साथ कर्मियों के योगदान और समर्पण को सम्मान दिया गया।
स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ एनसीएल मुख्यालय में खनिक मूर्ति पर माल्यार्पण और श्रम शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद एनसीएल के सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया।
पंजरेह भवन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में एनसीएल के पूर्व सीएमडी ए.के. दास और टी.के. नाग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, श्रमिक संघों के जेसीसी सदस्य अजय कुमार (सीएमएस), नीतीश कुमार (बीएमएस), लाल पुष्पराज सिंह (आरसीएसएस) और सीएमओएआई के महासचिव सर्वेश सिंह सहित मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने सभी कर्मचारियों और हितग्राहियों को 42वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महज 11 मिलियन टन के शुरुआती उत्पादन से अपनी यात्रा शुरू करने वाली एनसीएल ने आज देश की अग्रणी कोयला उत्पादक कंपनियों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कंपनी की इस उपलब्धि में पूर्व नेतृत्वकर्ताओं के अमूल्य योगदान की सराहना की।
सीएमडी ने एनसीएल के सभी कर्मियों से देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और कंपनी को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
समारोह के बाद एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें एनसीएल के पूर्व सीएमडी ने वर्तमान सीएमडी, निदेशक मंडल और विभागाध्यक्षों के साथ विभिन्न मानकों एवं कंपनी की प्रगति से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
वहीं, 42वें स्थापना दिवस का केंद्रीय समारोह शाम को सिंगरौली स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीएल के कर्मचारियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।




