Chhattisgarh

MP में ‘भाजपा’ ने की आत्महत्या, शादी से एक दिन पहले लगाई फांसी, सदमे में डूबा परिवार

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के चितरंगी से बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। ग्राम कर्थुआ बहेरा में रहने वाली भाजपा प्रजापति नाम की एक युवती ने गुरुवार को कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की 19 जून को शादी थी, लेकिन उससे एक दिन पहले ही उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं युवती के नाम को लेकर यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

परिजनों के मुताबिक भाजपा प्रजापति की शादी 19 जून को सरई थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिजन खुशी के माहौल में विवाह की तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच युवती द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

युवती का नाम भाजपा प्रजापति होने के कारण घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के बारे में कुछ कहा जा सकेगा।

फिलहाल एक दिन बाद होने वाली शादी से पहले हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग इस दुखद घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button