MP के 1512 छात्रों के आइडिया इंस्पायर अवॉर्ड में चयनित: हर एक को 10-10 हजार रुपए मिले; राज्य में चुनने पर दिल्ली जाएंगे

[ad_1]
भोपाल17 मिनट पहले
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से मध्यप्रदेश के 1512 छात्रों के आइडिया नेशनल लेवल पर चयनित किए गए हैं। वर्ष 2021-22 के लिए हर छात्र को आइडिया का प्रोटोटाइप तैयार करने के लिए अवॉर्ड की राशि 10-10 हजार रुपए दी गई है। इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना की जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में 15 से 18 नवंबर 2022 तक इन छात्रों के मॉडल प्रदर्शित करेंगे।
जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी 10 क्लस्टर में चार चरणों में दो दिवसीय 15 से 18 नवंबर 2022 तक आयोजित किया जाएगा। इसके लिए क्लस्टर केन्द्र के डीईओ को 2-2 हजार रुपए दिए जाएंगे। क्लस्टर लेवल पर विज्ञान प्रदर्शनी में चयनित मॉडल राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में शामिल होंगे। यहां सर्वश्रेष्ठ मॉडल से सिलेक्शन के बाद राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी नई दिल्ली के आयोजन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खातें में रुपए नहीं आने पर यह करें
यदि किसी अवॉर्डी के खाते में राशि 10 हजार रुपए नहीं मिले हैं, तो बैंक खाते की जांच करेंगे। कहीं वह खाता बंद तो नहीं हो गया। ऐसे में छात्र का नाम बैंक अकाउंट नंबर आईएफएससी कोड आदि जानकारी शाला के लॉग इन आईडी से अपडेट करें, ताकि अवॉर्डी छात्र के खाते में राशि प्राप्त हो सके। अवॉर्डी छात्रों के नामों को सूची विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की वेबसाइट www.inspireawards-dst.gov.in पर उपलब्ध है।
इस तरह होगा चयन
जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में कलस्टर के लिए निर्धारित संख्या में अवॉर्डी छात्र-छात्राओं द्वारा निर्मित विज्ञान प्रोटोटाइप मॉडल प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें से 10% प्रोटोटाइप मॉडल का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयन किया जाए। विशेषतः ध्यान रखा जाय कि छात्र द्वारा जिस आइडिया को अपलोड किया गया है, उसी का प्रोटोटाइप मॉडल प्रदर्शित किया जाए।
अन्य आइडिया आधारित मॉडल पर विचार नहीं किया जाएगा। जिला स्तर पर तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल (ज्यूरी) का गठन किया गया। इनमें से एक सदस्य का नामांकन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग/ राष्ट्रीय नव प्रवर्तन संस्थान द्वारा किया गया। बाकी दो निर्णायकों का नामांकन विश्वविद्यालय / महाविद्यालय / राज्यस्तरीय विज्ञान शिक्षा संस्थान / राष्ट्रीय विज्ञान प्रयोगशाला / आईआईआईटी आदि से किया जाएगा। निर्णायक मंडल (ज्यूरी) सदस्यों को उनके कार्य के लिए अंतिम दिन पर एकमुश्त राशि 5 हजार प्रति सदस्य मानदेय प्रदान किया जाएगा।
निर्णायक मंडल द्वारा चयनित छात्र-छात्राओं के नामों की सूची प्रोटोटाइप मॉडल के विवरण समेत प्राप्तांकों के वरीयता क्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग / राष्ट्रीय नय प्रवर्तन संस्थान से आए प्रतिनिधि के समक्ष तैयार की जाए। वरीयता सूची में निर्णायक मंडल के सभी सदस्यों के साइन अनिवार्य हैं।
जिला स्तर पर निर्णायक मंडल का निर्णय ही अंतिम होगा। निर्णायक मंडल से चयन प्रक्रिया का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्राप्त किया जाए। जिला स्तरीय प्रदर्शनी के साथ यह प्रतिवेदन लोक शिक्षण संचालनालय को प्रेषित किया जाए।
जिला स्तर से राज्य स्तर के लिए चयनित प्रोटोटाइप मॉडल के छात्र-छात्राओं को उनके प्रोटोटाइप मॉडल के साथ राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में अनिवार्य रूप से भाग लेने के लिए क्लस्टर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा लिखित में निर्देशित किया जाए।
सभी को प्रदर्शनी में शामिल होना होगा
सभी अवॉर्डी छात्र-छात्राओं को लिखित रूप में जिला स्तरीय प्रदर्शनी की तिथियों, समय व स्थल के बारे में जानकारी दी जाएगी। जिला स्तरीय प्रदर्शनी में शत प्रतिशत अवॉर्डी छात्र उनके द्वारा निर्मित प्रोजेक्ट / मॉडल के साथ भाग लेना होगा। छात्रों को मिली राशि में वास्तविक यात्रा देयक, मॉडल / प्रोजेक्ट निर्माण के लिए दोनों राशि सम्मिलित है।
Source link