Chhattisgarh

KORBA: एनएच-130 पर पेड़ गिरने और जलभराव से घंटों थमा यातायात, वाहनों की लगी लंबी कतार

कोरबा, 12 जून। जिले में गुरुवार शाम आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर यातायात घंटों प्रभावित रहा। मोरगा क्षेत्र में विशाल पीपल के पेड़ की डंगाल सड़क पर गिर गई, जबकि पोड़ी उपरोड़ा के लालघाट के पास भारी जलभराव होने से आवागमन बाधित हो गया। दोनों स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री जाम में फंसे रहे।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और बारिश के चलते लालघाट क्षेत्र में हाईवे पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। वहीं मोरगा स्थित वन विभाग के विश्राम गृह के पास पीपल के पेड़ की बड़ी डंगाल टूटकर मुख्य मार्ग पर गिर गई, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई।

मार्ग अवरुद्ध होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा सड़क पर गिरी डंगाल को हटाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

इधर लालघाट क्षेत्र में जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही लंबे समय तक प्रभावित रही। बारिश का पानी धीरे-धीरे कम होने के बाद लोग सावधानीपूर्वक मार्ग पार कर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लालघाट क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं कोयलांचल गेवरा क्षेत्र के शक्तिनगर के पास भी तेज हवाओं के चलते एक पेड़ मुख्य मार्ग पर गिर गया था, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पेड़ हटाने के बाद आवागमन सामान्य हो सका।
बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा, जबकि हाईवे पर घंटों तक यातायात व्यवस्था चरमराई रही।

Related Articles

Back to top button