Chhattisgarh

Korba News: दीपावली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दीपक स्वीट्स एंड डेयरी में खरीदी-बिक्री बंद, पनीर और लड्डू के सैंपल लिए

कोरबा, 21 अक्टूबर। दीपावली त्योहार को देखते हुए कोरबा जिले में खाद्य विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग की टीम ने पाली और कोरबा क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुड़ापार स्थित दीपक स्वीट्स एंड डेयरी में साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था में गंभीर खामियां मिलने पर सुधार होने तक प्रतिष्ठान में खरीदी-बिक्री बंद करा दी गई। वहीं पनीर, लड्डू, चावल और आटे के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग की टीम ने पाली क्षेत्र के नूनेरा स्थित पंजाब रंगीला ढाबा का निरीक्षण किया। यहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए चावल और आटे के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने कोरबा के मुड़ापार स्थित दीपक स्वीट्स एंड डेयरी में जांच की। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में पर्याप्त साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था नहीं पाई गई। इसके अलावा पानी की जांच रिपोर्ट (वाटर टेस्ट रिपोर्ट) और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट सहित आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं मिले।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान से पनीर और लड्डू के नमूने लिए। साथ ही फर्म को आवश्यक सुधार करने के निर्देश जारी करते हुए व्यवस्था दुरुस्त होने तक खाद्य पदार्थों की खरीदी-बिक्री बंद करा दी गई।

Oplus_16908288

खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि दीपावली त्योहार के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में नूनेरा स्थित पंजाब रंगीला ढाबा से चावल और आटे तथा मुड़ापार स्थित दीपक स्वीट्स एंड डेयरी से पनीर और लड्डू के नमूने लिए गए हैं। दीपक स्वीट्स एंड डेयरी में हाइजीन व्यवस्था पर्याप्त नहीं मिलने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर सुधार होने तक खरीदी-बिक्री बंद कराई गई है।

दीपावली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य विभाग की इस कार्रवाई को उपभोक्ताओं की सेहत और खाद्य सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

Related Articles

Back to top button