Korba News: राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में केवी क्रमांक-2 एनटीपीसी का शानदार प्रदर्शन, नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया सम्मानित

कोरबा, 26 जून। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी, कोरबा ने 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग में प्रथम स्थान हासिल कर जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय की टीम को नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा सम्मानित किया गया।
25 जून को संसद भवन परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित सत्र 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी के प्राचार्य एस.के. साहू, एस्कॉर्ट टीचर साक्षी गुप्ता तथा विद्यालय के आठ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर टीम की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में सोनम बरेठ, अक्षया वैष्णव, संजना अग्रवाल, मनन उपाध्याय, नीलाक्षी यादव, भावना जांगड़े, अंशिका तिवारी और प्रतिभा केरकेट्टा शामिल हैं। सभी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन से विद्यालय को नई पहचान दिलाई।
प्रतियोगिता के दौरान लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) की भूमिका निभाने वाली छात्रा संजना अग्रवाल को उनके प्रभावशाली भाषण, उत्कृष्ट संचालन क्षमता और नेतृत्व कौशल के लिए व्यक्तिगत मेरिट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशंसा पत्र एवं शील्ड प्रदान की गई, जो विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।
बताया गया कि 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में देशभर के 200 से अधिक केंद्रीय विद्यालयों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबले के बीच केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी, कोरबा की टीम ने अपनी तैयारी, संसदीय प्रक्रियाओं की गहरी समझ, प्रभावशाली प्रस्तुति और अनुशासित प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले आयोजित जोनल स्तर की स्पर्धा वाराणसी में हुई थी, जहां भी केवी क्रमांक-2 एनटीपीसी की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की थी। इसके बाद टीम ने राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।





