Chhattisgarh

KORBA : DMF से अग्रिम राशि लेकर सरपंच-सचिव ने अहाता, सामुदायिक भवन लटकाए, मदवानी व करतला में होगी वसूली, जनपद सीईओ ने एसडीएम को भेजा प्रतिवेदन, 6 लाख व 4 लाख रुपए अग्रिम लौटाना होगा

कोरबा, 27 अक्टूबर। जिला खनिज न्यास से पंचायत के विकास कार्यों के लिए शासकीय धनराशि अग्रिम जारी होने के बाद भी सरपंच सचिव कार्य लटका रहे हैं। पहली किश्त जारी होने के बाद भी कहीं स्कूल के अहाता का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो कहीं सामुदायिक भवन का काम अधूरा पड़ा है। करतला जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत मदवानी चारमार और करतला में सामने आए इन दो मामलों में जांच के बाद जनपद सीईओ ने संबंधित सरपंच-सचिव से अग्रिम राशि की वसूली के लिए कोरबा एसडीएम को प्रतिवेदन भेजा है। विडंबना यह है कि नोटिस जारी होने के बावजूद निर्माण कार्यों में प्रगति नहीं आई और अब तक संबंधितों पर कार्रवाई भी नहीं हो सकी है।

6 लाख मिलने के बाद भी स्कूल का अहाता नहीं बना

ग्राम पंचायत मदवानी चारमार के माध्यमिक शाला चारमार मदवानी में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 15 लाख रुपए की लागत से अहाता निर्माण की स्वीकृति 7 अक्टूबर 2024 को दी गई थी। इसके लिए ग्राम पंचायत को 6 लाख रुपए अग्रिम जारी किए गए, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। जनपद पंचायत करतला की ओर से सरपंच पद्मावती राठिया और सचिव देवसिंह राठिया को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इसके बावजूद न तो जवाब प्रस्तुत किया गया और न ही काम शुरू कराया गया। अंतिम नोटिस के बाद भी स्थिति नहीं बदलने पर जनपद सीईओ ने पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 92 के तहत कार्रवाई और छह लाख रुपए की वसूली के लिए एसडीएम को प्रतिवेदन भेजा है।

4 लाख की किश्त के बाद भी अधूरा यादव समाज का भवन

ग्राम पंचायत करतला में वर्ष 2025-26 के दौरान यादव समाज के लिए 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण स्वीकृत किया गया था। इसके लिए 4 लाख रुपए अग्रिम दिए गए, लेकिन भवन का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठकों में सरपंच फूलबाई राठिया और सचिव किशोर कुमार राठिया ने 3 माह के भीतर काम पूरा कराने की बात कही थी। इसके बावजूद निर्माण अधूरा रहने से यादव समाज को भवन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जनपद पंचायत की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद भी कार्य की प्रगति को लेकर जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद सरपंच-सचिव के विरुद्ध पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 92 के तहत कार्रवाई और चार लाख रुपए की वसूली के लिए एसडीएम को प्रतिवेदन भेजा गया है।

आप नेता जगलाल राठिया की शिकायत पर हुई जांच

आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री जगलाल राठिया ने दोनों ग्राम पंचायतों में स्वीकृत निर्माण कार्य शुरू नहीं होने का मामला उठाया था। उन्होंने अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्माण कार्यों को शुरू कराने और संबंधित पंचायतों पर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद जनपद पंचायत करतला ने निर्माण कार्यों की प्रगति और खर्च की समीक्षा की। सरपंच-सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, लेकिन जवाब नहीं मिलने और काम शुरू नहीं होने पर अग्रिम राशि की वसूली के लिए कोरबा एसडीएम को प्रतिवेदन भेजा गया।

अब एसडीएम की कार्रवाई का इंतजार

दोनों मामलों में कुल 10 लाख रुपए की अग्रिम राशि जारी होने के बावजूद स्वीकृत निर्माण कार्य अधूरे हैं। जनपद पंचायत ने राशि की वसूली के लिए प्रतिवेदन भेज दिया है। अब संबंधित सरपंच-सचिव से राशि की वसूली और आगे की कार्रवाई को लेकर एसडीएम के स्तर पर निर्णय का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button