Chhattisgarh

Korba Crime: चलती बाइक पर चाकू लहराने वाले 6 पर कार्रवाई, एक गिरफ्तार, 5 नाबालिगों को भेजा गया किशोर न्याय बोर्ड

कोरबा, 28 मार्च। जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत पुलिस ने चलती मोटरसाइकिल पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की है। इस मामले में आज पुलिस ने एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सीतामणी स्टेशन रोड में कुछ युवक चलती बाइक पर चाकू लहराते हुए आम नागरिकों को भयभीत कर रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 25 मार्च को अपराध क्रमांक 284/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 सहित मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों में राहुल यादव (27), निवासी कुंजनगर नवधा चौक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं पांच विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े छह इंच लंबा धारदार चाकू तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभियान के तहत जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button