Chhattisgarh

KORBA BREAKING: रिश्वत लेने के आरोप में कटघोरा थाने के दो आरक्षक निलंबित

कोरबा, 6 अगस्त। पुलिस अधीक्षक कोरबा ने रिश्वत लेने के गंभीर आरोप में कटघोरा थाना में पदस्थ दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद की गई।

जारी आदेश के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को एक आवेदक ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष शपथपत्र प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि कटघोरा थाना में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 747 प्रदीप राठौर एवं आरक्षक क्रमांक 529 रामभवन पटेल ने एक मामले में कार्रवाई के नाम पर उससे अवैध रूप से राशि प्राप्त की। शिकायत के आधार पर एसडीओपी कटघोरा द्वारा प्रारंभिक जांच कराई गई।

जांच प्रतिवेदन में दोनों आरक्षकों पर अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, संदिग्ध कार्यशैली, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने का उल्लेख किया गया। आदेश में कहा गया है कि दोनों कर्मियों का आचरण पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों के विपरीत पाया गया तथा विभागीय नियमों के बावजूद उनके व्यवहार में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

प्रारंभिक जांच में शिकायत के तथ्यों की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आरक्षक प्रदीप राठौर एवं रामभवन पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय पुलिस लाइन, कोरबा रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

Related Articles

Back to top button